5 November 2026

डीबीटी के माध्यम से अक्टूबर माह की पेंशन का हुआ भुगतान

0
IMG-20261105-WA0275

 देहरादून 5 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत अक्टूबर 2026 की पेंशन धनराशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। इस दौरान प्रदेश के 9 लाख 99 हजार 484 लाभार्थियों के खातों में कुल ₹148 करोड़ 18 लाख 84 हजार 500 की धनराशि भेजी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। वृद्धजनों, विधवा महिलाओं, दिव्यांगजनों और अन्य जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में धनराशि पहुंचने से पारदर्शिता बढ़ी है और भुगतान में देरी की संभावना कम हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पात्र लाभार्थियों को प्रत्येक माह समय पर पेंशन मिले। वृद्धावस्था और दिव्यांगता के कारण दस्तावेज संबंधी दिक्कतों का सामना करने वाले लगभग 7 हजार लाभार्थियों को आधार के अभाव में भी विशेष प्रावधानों के तहत पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसी भी पात्र व्यक्ति को परेशानी न हो।
विभागीय जानकारी के अनुसार अक्टूबर माह में वृद्धावस्था पेंशन के 6 लाख 24 हजार 616 लाभार्थियों को ₹93.69 करोड़, विधवा पेंशन के 2 लाख 39 हजार 527 लाभार्थियों को ₹35.93 करोड़ और दिव्यांग पेंशन के 89 हजार 971 लाभार्थियों को ₹13.50 करोड़ हस्तांतरित किए गए। इसके अलावा किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन के लाभार्थियों को भी धनराशि दी गई।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजान दास, अपर सचिव विक्रम यादव सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed