5 May 2026

आपरेशन सिंदूर असाधारण वीरता का प्रतीक – मेजर अभिषेक महाले

0
IMG-20260505-WA0174

ज्योतिर्मठ

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ के एडुसैट सभागार में गढ़वाल राइफल्स/स्काउट्स ने अपने स्थापना दिवस पर युवाओं में देशभक्ति का संचार करने के लिए ‘आपरेशन सिंदूर’ के बारे में एक कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में गढ़वाल राइफल्स के मेजर अभिषेक महाले ने युवा विद्यार्थियों और कॉलेज के साथ साथ सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ के एन. सी. सी. कैडेट्स को भारत की धरती पर पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकी हमलों और उन हमलों के प्रतिउत्तर में हमारी जांबाज़ सेना द्वारा दिए गए जवाब के बारे में विस्तार से बताया। पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मेजर ने पहलगाम आतंकी हमले को विस्तार से समझाया और बताया कि निर्दोष, निहत्थे नागरिकों पर होने वाले इस बर्बर और कायरतापूर्ण हमले का आपरेशन सिंदूर में सेना और सुरक्षाबलों द्वारा किस दिलेरी से जवाब दिया गया। मेजर महाले ने कहा कि आधुनिकतम तकनीकी का प्रयोग करते हुए भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान में संचालित आतंकी संगठनों, उनके सरगनाओं और पाकिस्तान आर्मी और एयर फोर्स की कमर तोड़ दी। उन्होंने कहा कि सैन्य अभियानों की सफलता की दृष्टि से आपरेशन सिंदूर असाधारण वीरता का प्रतीक था। मेजर ने युवाओं से अपील की कि वे मातृभूमि की रक्षा और सेवा के लिए भारतीय सेना को करियर के रूप में चुनें। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपालकृष्ण सेमवाल ने मेजर महाले और उनकी टीम का आभार प्रकट किया। इससे पूर्व महाविद्यालय के एन. सी. सी. अधिकारी लेफ्टिनेंट राजेन्द्र सिंह राणा ने पुष्पगुच्छ भेंट करके दल का स्वागत किया। इस अवसर पर हवलदार नरेंद्र सिंह, लांस नायक पंकज चौधरी लांस नायक दीपक नौटियाल , विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के एन.सी.सी. अधिकारी लेफ्टिनेंट भरत सिंह भंडारी, डॉ. नवीन कोहली, डॉ. धीरेंद्र सिंह, डॉ. नंदन सिंह, डॉ. नवीन पंत ,छात्र संघ अध्यक्ष दिव्यांशु सहित सभी शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed