12 November 2026

आईटी पार्क क्षेत्र को जलभराव से मिलेगी स्थायी निजात, जिला प्रशासन ने तैयार किया प्लान

0
IMG_20261112_190454

  रिस्पना रिवरफ्रंट एवं इको पार्क के विकास पर 2.74 करोड़ रुपये होंगे खर्च, जिला योजना एवं डीएमएफ फंड से धनराशि स्वीकृत करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश

आईटी पार्क ड्रेनेज सिस्टम के प्रस्ताव को शासन को भेजने के निर्देश, विशेषज्ञों ने तकनीकी सर्वेक्षण के आधार पर प्रस्तुत किया समाधान का प्लान

देहरादून, दिनांक 12 नवम्बर, 2026 सहस्रधारा स्थित आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या का वैज्ञानिक एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने तथा रिस्पना नदी के जीर्णाेद्धार एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान की अध्यक्षता में संबंधित विभागों एवं विशेषज्ञों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईटी पार्क क्षेत्र के लिए तैयार किए गए ड्रेनेज सिस्टम तथा राजपुर क्षेत्र में रिस्पना नदी के कैनाल, रिवरफ्रंट एवं इको पार्क विकसित करने की कार्ययोजना का विस्तृत प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुत कार्ययोजना के तहत आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 38 करोड़ रुपये तथा राजपुर क्षेत्र में रिस्पना नदी के कैनाल, रिवरफ्रंट एवं इको पार्क के विकास के लिए लगभग 2.74 करोड़ रुपये की लागत के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए
जिलाधिकारी ने रिस्पना रिवरफ्रंट विकसित करने के प्रस्ताव पर जिला योजना एवं डीएमएफ (जिला खनिज फाउंडेशन) फंड से धनराशि स्वीकृत करने की प्रक्रिया प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो तथा सभी औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं।
आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए तैयार की गई लगभग 38 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को शासन स्तर पर प्रेषित करने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या का समाधान केवल तात्कालिक उपायों तक सीमित न रहे, बल्कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, प्राकृतिक जल निकासी मार्गों एवं वर्षा जल के प्रवाह का वैज्ञानिक आकलन करते हुए दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सिंचाई विभाग के माध्यम से चिन्हित कंसल्टेंसी के विशेषज्ञों को आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव के कारणों का गहन तकनीकी सर्वेक्षण कर ठोस एवं व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी क्रम में एनआईवीवी कंसल्टेंसी सर्विसेज के प्रतिनिधियों द्वारा ड्रेनेज सिस्टम एवं रिस्पना नदी के जीर्णाेद्धार से संबंधित प्रस्तावों का तकनीकी प्रस्तुतीकरण किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, सिंचाई विभाग के अधिकारी ई.आर. पुरुषोत्तम, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार तथा एनआईवीवी कंसल्टेंसी सर्विसेज के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed