सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद देहरादून में आयोजित होंगे बहुउद्देशीय शिविर

देहरादून, 21 सितम्बर 2026 (सू॰वि)*
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद देहरादून की विभिन्न तहसीलों में 21 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर निस्तारण करने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 सितम्बर को मसूरी, 23 सितम्बर को चकराता में, 25 सितम्बर को डोईवाला में, 27 सितम्बर को विकासनगर तथा 29 सितम्बर को कैंट क्षेत्र में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा।
इसी क्रम में 03 अक्टूबर को धर्मपुर क्षेत्र, 05 अक्टूबर को सहसपुर, 07 अक्टूबर को रायपुर क्षेत्र, 10 अक्टूबर को चकराता तथा 13 अक्टूबर को राजपुर क्षेत्र में शिविर आयोजित होगा।
इसके अतिरिक्त 15 अक्टूबर को ऋषिकेश में, 17 अक्टूबर को चकराता के त्यूनी तथा 18 अक्टूबर को विकासनगर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा अपने विभाग से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त करने, समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई तथा उनका यथासंभव मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। जिन प्रकरणों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं होगा, उन्हें संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए प्रेषित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित तिथियों पर संबंधित तहसील में आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों में प्रतिभाग करते हुए अपनी समस्याओं के निस्तारण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
