पूर्व मुख्यमंत्री ने रेंजर्स ग्राउंड में दस दिवसीय स्वदेशी महोत्सव का किया शुभारंभ, 150 से अधिक स्टॉलों पर दिखेगी पहाड़ी उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमिता की झलक

देहरादून। स्मृति विकास संस्थान की ओर से रेंजर्स ग्राउंड में दस दिवसीय स्वदेशी महोत्सव (उत्तराखंड विकास प्रदर्शनी) का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और स्थानीय स्तर पर तैयार वस्तुओं को प्रोत्साहित करने पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन देश की आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत वाइब्रेंट फिट एकेडमी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि स्वदेशी केवल वस्तुओं के उपयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की आर्थिक मजबूती, आत्मनिर्भरता और स्थानीय रोजगार से जुड़ा महत्वपूर्ण विचार है। देश में निर्मित उत्पादों को अपनाने के साथ ही स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को प्रोत्साहन देना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने इस तरह के आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि इनके माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलने के साथ ही स्वदेशी के प्रति जनजागरूकता भी बढ़ती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेल्फ फाइनेंस इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मानस खंड के निदेशक दिनेश उपमन्यु एवं पूर्व सूचना आयुक्त योगेश भट्ट ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दिए जाने पर जोर दिया । उन्होंने महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का बेहतर माध्यम हैं। कहा कि स्थानीय उत्पादों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलने से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि स्मृति विकास संस्थान वर्ष 2015 से लगातार स्वदेशी मेलों और प्रदर्शनियों का आयोजन कर रहा है। संस्था का उद्देश्य लघु उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराना, स्वदेशी उत्पादों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा स्वरोजगार के माध्यम से लोगों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि महोत्सव के माध्यम से स्थानीय उत्पादकों, महिला स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और युवाओं को अपने उत्पाद एवं हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
संस्था के सचिव आधार वर्मा ने बताया कि 13 से 22 नवंबर तक आयोजित इस दस दिवसीय महोत्सव में 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें पहाड़ी उत्पादों, हस्तशिल्प, स्थानीय लघु उद्योगों, महिला स्वयं सहायता समूहों, स्टार्टअप और विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं से संबंधित स्टॉल शामिल हैं। इसके साथ ही फूड एवं गेमिंग स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। महोत्सव में लोगों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।
महोत्सव के संयोजक प्रवीण ममगाईं ने बताया कि दस दिनों तक प्रतिदिन सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें कवि सम्मेलन, जादूगर राम की प्रस्तुति, गढ़वाली संध्या सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त नृत्य, गायन, पेंटिंग, फैशन शो और मेहंदी जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और मिकी माउस सहित विभिन्न गतिविधियों की व्यवस्था की गई है। स्थानीय कलाकारों और प्रतिभावान लोगों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को उत्तराखंड के फेमस सिंगर सौरव मैठाणी की प्रस्तुति खास रहेगी। महोत्सव के अंतर्गत 16 नवंबर को उद्यमिता विद्यार्थी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह, 17 नवंबर को उद्यमिता किसान सम्मेलन एवं सम्मान समारोह, 18 नवंबर को उद्यमिता महिला सम्मेलन एवं सम्मान समारोह तथा 19 नवंबर को कारीगरों एवं उद्यमियों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही स्वरोजगार, वित्तीय साक्षरता और डिजिटल मार्केटिंग जैसे विषयों पर सेमिनार, कार्यशालाएं एवं कौशल प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित होंगे।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ के आह्वान और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन स्थानीय उत्पादों, संस्कृति, स्वरोजगार और उद्यमिता को एक मंच पर लाने का प्रयास है।
