लेजर रन नेशनल चैंपियनशिप में SBPS का शानदार प्रदर्शन, तीन खिलाड़ियों ने जीते पदक

एक गोल्ड और दो सिल्वर मेडल जीतकर खिलाड़ियों ने बढ़ाया उत्तराखंड का मान
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (SBPS) के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित 10वीं लेजर रन नेशनल चैंपियनशिप-2026 में स्कूल के खिलाड़ियों ने एक गोल्ड और दो सिल्वर मेडल अपने नाम किए। प्रतियोगिता में आरना चौहान ने स्वर्ण पदक, जबकि अवनि राणा और रितेश अग्रवाल ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
10वीं लेजर रन नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन 5 और 6 अक्टूबर 2026 को महाराष्ट्र के नासिक स्थित मीनाताई ठाकरे इंडोर स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। एसबीपीएस के तीन खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता में एसबीपीएस की आरना चौहान ने अंडर-15 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। वहीं, अवनि राणा ने अंडर-17 वर्ग में सिल्वर मेडल हासिल किया। इसी वर्ग में रितेश अग्रवाल ने भी रजत पदक जीतकर स्कूल को गौरवान्वित किया। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से स्कूल में खुशी का माहौल है।
।बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्कूल के खिलाड़ी व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण उनके उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर स्कूल लौटने पर तीनों खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी और स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कोच प्रदीप कोठारी ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
एसबीपीएस के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को स्कूल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
