उमेश राणा बने अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष

ज्योतिर्मठ—राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में पी. टी. ए. अध्यक्ष श्री कलम सिंह राणा की अध्यक्षता और पी. टी. ए. की संरक्षक महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर प्रीति कुमारी के मार्गदर्शन में अभिभावक- शिक्षक संघ की एक बैठक आयोजित की गई जिसमें महाविद्यालय के विकास और संवर्धन की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर विमर्श हुआ। उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और छात्र संघ के पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी ने कहा कि शिक्षक और अभिभावक युवा विद्यार्थियों को जोड़ने की दो महत्वपूर्ण कड़ियाँ हैं और महाविद्यालय के मुद्दों को लेकर दोनों पक्षों में बेहतर समन्वय संस्था को बुलंदी पर पहुँचा सकता है। अध्यक्ष कलम सिंह राणा ने विगत पाँच वर्षों के अपनी कार्यकारिणी के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों की चर्चा की । इस अवसर पर निवर्तमान पी. टी. ए , उपस्थित अन्य अभिभावकों और महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने सर्वसहमति से शिक्षा सत्र 2025-26 के लिए नई पी. टी. ए. कार्यकारिणी का गठन किया जिसमें सामाजिक कार्यकर्ता उमेश राणा को अध्यक्ष, मीना देवी को उपाध्यक्ष, डॉ. नंदन सिंह रावत को सचिव और प्रकाशसिंह रावत को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। सामाजिक कार्यकर्ता ओमप्रकाश डोभाल और निवर्तमान अध्यक्ष कलम सिंह राणा को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में कार्यकारिणी में सम्मिलित किया गया जबकि सुरेंद्र सिंह, हेमा देवी, कमला देवी, अब्बल सिंह , सुरेंद्र सिंह चौहान और जयंती देवी को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चुना गया। कार्यकारिणी के संरक्षक का दायित्व प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी द्वारा निर्वहन किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन पी. टी. ए. प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. चरणसिंह केदारखंडी द्वारा किया गया। बैठक में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
