देहरादून स्थित साइबर कोषागार ने पेंशनरों की सुविधा के लिए 30 नवंबर तक विशेष अभियान शुरू

देहरादून: उत्तराखंड के पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर है। अब डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र (DLC) जमा करने या पेंशन से जुड़ी दूसरी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। देहरादून स्थित साइबर कोषागार ने पेंशनरों की सुविधा के लिए 30 नवंबर तक विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत एक ही स्थान पर पेंशन संबंधी शिकायतों का समाधान किया जाएगा।
अभियान के दौरान पेंशनरों को डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। जिन बुजुर्गों को तकनीकी जानकारी के अभाव या अन्य कारणों से DLC जमा करने में परेशानी हो रही है, उन्हें इसके लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके अलावा पेंशन भुगतान से जुड़ी समस्याओं और अन्य शिकायतों के निस्तारण में भी मदद की जाएगी।
