11 November 2026

अपराधियों पर दून पुलिस का शिकंजा ,आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस की सख्ती लगातार जारी

0
IMG-20261111-WA0254

ऋषिकेश, 11 नवंबर। देहरादून जनपद में अपराध और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने जानलेवा हमले के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर पुलिस को अवैध रूप से शराब बिक्री की सूचना देने की बात कहने पर एक युवक और उसके साथी के साथ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने तथा कुल्हाड़ी और पाटल से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को शुभम निवासी आईडीपीएल कॉलोनी, ऋषिकेश ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि बैराज कॉलोनी रोड स्थित संजय टैगोर की दुकान पर शराब बेचे जाने के संबंध में पुलिस को सूचना देने की बात कहने पर संजय टैगोर, जुगल किशोर और उनके अन्य साथियों ने उसके तथा उसके साथी के साथ विवाद शुरू कर दिया।

आरोप है कि अभियुक्तों ने दोनों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कुल्हाड़ी व पाटल जैसे धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर चोटें पहुंचाईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 539/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 351(3) और 352 में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की।

*एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने शुरू की तलाश*

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की। पुलिस टीम ने मामले में शामिल संजय टैगोर उर्फ संजीव कुमार को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरा आरोपी जुगल किशोर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार सुरागरसी और पतारसी कर रही थी। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी जा रही थी।

*मुखबिर की सूचना पर लक्कड़घाट रोड से गिरफ्तारी*

पुलिस की लगातार कोशिशों के बाद 9 नवंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लक्कड़घाट रोड स्थित शिव मंदिर के पास विस्थापित क्षेत्र, ऋषिकेश से फरार चल रहे आरोपी जुगल किशोर को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुगल किशोर पुत्र स्वर्गीय फूल सिंह, उम्र लगभग 52 वर्ष, निवासी पुरानी जाटव बस्ती, रेलवे रोड, ऋषिकेश तथा हाल निवासी अरुण त्यागी का मकान, गली नंबर 06, विस्थापित आईडीपीएल, ऋषिकेश, देहरादून के रूप में हुई है।

***इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका***

फरार आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बिनेश कुमार, कांस्टेबल कुलदी और कांस्टेबल ब्रिजेश कुमार शामिल रहे।

एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की धरपकड़ और आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऋषिकेश की इस कार्रवाई को भी इसी अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed