उत्तराखंड में राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता आयोजित, 12 जनपदों के विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग पिथौरागढ़ की टीम ने हासिल किया प्रथम स्थान, शिमला में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में करेगी प्रतिभाग

देहरादून, 22 अक्टूबर। उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की उत्तराखंड शाखा के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को देहरादून के सहस्त्रधारा रोड स्थित होटल सफायर में राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जनपदों से 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के कक्षा 8वीं, 9वीं एवं 11वीं के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और रेड रिबन से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. अमित शुक्ला, संयुक्त निदेशक, बेसिक सर्विस, उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति, श्री अनिल सती, उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति, श्री बिनोद प्रसाद सिमल्टी, प्रादेशिक मुख्यायुक्त, उत्तराखंड एवं निदेशक माध्यमिक शिक्षा, श्री केसी रावत, प्रादेशिक आयुक्त कब एवं निदेशक बेसिक शिक्षा तथा श्री आरएम काला, प्रादेशिक सचिव, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रतियोगिता में राजकीय इण्टर काॅलेज, मानेल, जनपद पिथौरागढ से प्रतिभागी अनिल सिंह भाट एवं राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धूर्चू, जनपद पिथौरागढ से प्रतिभागी पीयूश धामी, द्वारा प्रथम स्थान प्राप्त किया गया। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, शिकारपुर, हरिद्वार के अनुराग जोशी एवं राजकीय इण्टर काॅलेज, स्वागाज, हरिद्वार के नमन ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं, हर्षित बिष्ट, राजकीय इण्टर काॅलेज, खेतीखान, चम्पावत एवं जिज्ञासा खर्कवाल, पी0एम0श्री0 राजकीय बालिका इण्टर काॅलेज, टनकपुर, चम्पावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली पिथौरागढ़ की टीम अब शिमला में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रतियोगिता चार चरणों में आयोजित की गई, जिसमें रेड रिबन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित कुल 50 प्रश्न पूछे गए।
प्रतियोगिता में मो. जावेद, टेक्निकल एक्सपर्ट, वीआईआरओजी केयर दिशा कार्यक्रम, हेमंत खर्कवाल, क्लस्टर प्रोग्राम मैनेजर, दिशा क्लस्टर, हरिद्वार तथा डॉ. बजरंग प्रसाद, प्रोफेसर, ग्राफिक एरा एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सदस्य ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान विजेता टीमों को पुरस्कार, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंच संचालन संजय बिष्ट, उप निदेशक, टीबीआई ने किया। समापन पर डॉ. अमित शुक्ला ने प्रतियोगिता में शामिल अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
