14 August 2026

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर निगम ऑडिटोरियम में कवि सम्मेलन का आयोजन

0
IMG-20260814-WA0207

देहरादून, 14 अगस्त 2026 (सू.वि.)* स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या के अवसर पर नगर निगम देहरादून के ऑडिटोरियम में नगर निगम देहरादून एवं संस्कृति निदेशालय, उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सरोकारों से ओत-प्रोत काव्य रचनाओं के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की भावना को जन-जन तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर मेयर नगर निगम देहरादून सौरभ थपलियाल,उत्तराखण्ड राज्य कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा, राज्य आंदोलनकारी रविन्द्र जुगरान, जगमोहन सिंह नेगी, मोहन खत्री सहित अन्य विशिष्ट अतिथिगण उपस्थित रहे।
कवि सम्मेलन में विभिन्न विधाओं एवं रसों के सुप्रसिद्ध कवियों ने अपनी प्रभावशाली काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं के सम्मुख प्रस्तुत की गई। गौरव चौहान एवं विनीत चौहान ने वीर रस की ओजपूर्ण कविताओं के माध्यम से राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रगौरव की भावना जागृत की। डॉ0 शिखा वशिष्ट ने श्रृंगार रस, डॉ0 राजीव ने राजनीतिक व्यंग्य एवं समसामयिक विषयों, जबकि डॉ0 अनिल चौबे ने हास्य रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं का मनोरंजन किया।
इसी क्रम में श्रीमती सुनीता चौहान ने जीवन से जुड़े सामाजिक सरोकारों को अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। हेमंत बिष्ट ने कुमाऊंनी तथा हेमवती नंदन भट्ट ने गढ़वाली भाषा में काव्य पाठ कर उत्तराखंड की लोकभाषा एवं संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। भूपेन्द्र बसेड़ा, मोहन बिष्ट ‘मुंतजिर’ एवं श्रीकांत शर्मा ने भी अपनी रचनाओं से कार्यक्रम में विविध रंग भरते हुए श्रोताओं को भावविभोर किया।
कवि सम्मेलन के दौरान पूरे सभागार में देशप्रेम, राष्ट्रगौरव का वातावरण देखने को मिला। कवियों की ओजपूर्ण, भावपूर्ण एवं हास्य-व्यंग्य से परिपूर्ण प्रस्तुतियों पर उपस्थित दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाकर कवियों का उत्साहवर्धन किया। विभिन्न रसों एवं भाषाओं में प्रस्तुत काव्य रचनाओं ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर सचिव संस्कृति विभाग युगल किशोर पंत, निदेशक संस्कृति प्रदीप जोशी, मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून आलोक कुमार पाण्डेय सहित नगर निगम एवं संस्कृति विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में जनमानस उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed